10 दिनों से लापता 7 वर्षीय मासूम को लेकर न्याय पद यात्रा, लोरमी थाने का घेराव
मुंगेली जिले के लोरमी ब्लॉक के ग्राम कोसाबाड़ी में 11-12 अप्रैल की दरम्यानी रात 7 वर्षीय मासूम बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। बच्ची को लापता हुए पूरे 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
बच्ची को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आज लोरमी में एक बड़ी पद यात्रा निकाली गई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैंज के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने ग्राम कोसाबाड़ी से लोरमी थाना तक न्याय पद यात्रा निकालते हुए थाने का घेराव किया।
इस दौरान सेवादल, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस सहित सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए और पीड़ित परिवार की आवाज बने।
ज्ञात हो कि 16 अप्रैल को कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलकर जिला प्रशासन को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंप चुका है। बावजूद इसके अब तक बच्ची का कोई पता नहीं चल सका है।
पद यात्रा की शुरुआत कन्या पूजन के साथ की गई और यात्रा कोसाबाड़ी से कोदवा महंत, डोंगरिया, झझपुरी होते हुए लोरमी थाना पहुंची।
लोरमी थाना पहुंचने से पहले ही पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए थे और थाने से 100 मीटर की दूरी पर बेरिकेट्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोका गया। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और थाने में ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि 10 दिनों के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी कलेक्ट्रेट का घेराव करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस मौके पर मौजूद थे –
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा, आलोक सिंह, रोहित शुक्ला, संजीत बनर्जी, थानेश्वर साहू, आत्मा सिंह, श्याम जायसवाल, दिलीप बंजारा, चुरावन मंगेश्कर, चंद्रभान बारमते, स्वतंत्र मिश्रा, संजय यादव, नरेश पाटले, पुरूषोत्तम मार्को, राजा ठाकुर, लोकराम साहू, अभिलास सिंह, नवनीत शुक्ला, मोनू यादव सहित लोरमी, डिंडौरी, जरहागांव, पथरिया, सरगांव व मुंगेली ग्रामीण के कार्यकर्ता।
वर्जन (दीपक बैज, अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी)
"बच्ची को लापता हुए 8 दिन से अधिक हो चुके हैं और अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों पर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। दुर्ग, रायपुर जैसी जगहों पर भी ऐसे जघन्य मामले सामने आ रहे हैं। जब मंत्री क्षेत्रों में ऐसी घटनाएं हो रही हैं, तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। इसी के खिलाफ कांग्रेस ने आज न्याय यात्रा निकाली है।"