सिम्स बिलासपुर में पहली बार तिरछेपन और झुकी पलक का सफल ऑपरेशन, रचा नया इतिहास
मुकेश तिवारी की कलम से | बिलासपुर।
सिम्स बिलासपुर के नेत्र रोग विभाग ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। यहां पहली बार एक ही ऑपरेशन में तिरछेपन (Strabismus) और झुकी पलक (Ptosis) की जटिल समस्या का सफल इलाज किया गया। यह उपलब्धि प्रदेश के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।
मामला बेमेतरा निवासी 21 वर्षीय युवक का है, जो जन्म से ही अपनी दायीं आंख की झुकी पलक और तिरछेपन की समस्या से जूझ रहा था। इलाज की आस छोड़ चुके इस युवक को जब पता चला कि सिम्स में ऐसी जटिल सर्जरी संभव है, तो उसने यहां संपर्क किया।
नेत्र रोग विभाग की वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रभा सोनवानी एवं उनकी टीम ने मरीज की संपूर्ण जांच कर ऑपरेशन की प्रक्रिया शुरू की। यह सर्जरी अत्यंत जटिल मानी जाती है क्योंकि इसमें एक ही आंख की दोनों समस्याओं का एकसाथ इलाज किया गया।
ऑपरेशन टीम में शामिल रहे
डॉ. प्रभा सोनवानी
डॉ. सुचित सिंह (विभागाध्यक्ष)
डॉ. आरूषी शर्मा
डॉ. कुणाल सिंह
सर्जरी डॉ. रमणेश मूर्ति (अधिष्ठाता), डॉ. लाखन सिंह (चिकित्सा अधीक्षक) एवं डॉ. सुचित सिंह के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई। नर्सिंग स्टाफ और वार्ड ब्वॉय ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा।
अब मरीज की पलक सामान्य हो गई है और तिरछापन भी पूरी तरह ठीक हो गया है, जिससे उसका आत्मविश्वास लौट आया है। मरीज और उसके परिवार ने सिम्स की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
पूर्व में ऐसे ऑपरेशन केवल निजी अस्पतालों में महंगे शुल्क पर ही संभव थे। अब सिम्स में यह सुविधा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निशुल्क उपलब्ध है, जिससे प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।
---
✍️ (Sunami News Portal के लिए मुकेश तिवारी की कलम से)