बिलासपुर नगर निगम के नव निर्वाचित महापौर और पार्षदों ने ली शपथ
उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और विधायकों की मौजूदगी में सम्पन्न हुआ समारोह
बिलासपुर, 28 फरवरी 2025 – नगर निगम बिलासपुर के नव निर्वाचित महापौर पूजा विधानी और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह मुंगेली नाका मैदान में आयोजित हुआ। उप मुख्यमंत्री अरुण साव और केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति में कलेक्टर अवनीश शरण ने महापौर और पार्षदों को वार्डवार शपथ दिलाई।
महापौर पूजा विधानी ने मंत्रियों और विधायकों की उपस्थिति में महापौर पद की शपथ ली। इसके बाद 10-10 पार्षदों के समूह में शपथ ग्रहण कराया गया। समारोह के दौरान महापौर पूजा विधानी ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धरमजीत सिंह, सुशांत शुक्ला समेत विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों का आभार प्रकट किया।