बिलासपुर निगम के महापौर और पार्षदों का शपथ ग्रहण कल, CM विष्णुदेव साय रहेंगे मौजूद
- मुंगेली नाका मैदान में सुबह 10.30 बजे होगा भव्य समारोह
- केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरूण साव समेत कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
- निगम प्रशासन ने तैयारियां पूरी की
बिलासपुर – बिलासपुर नगर पालिक निगम के नवनिर्वाचित महापौर और सभी 70 पार्षद आज (28 फरवरी) को अपने पद की शपथ ग्रहण करेंगे। यह समारोह मुंगेली नाका मैदान में सुबह 10.30 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें विशेष रूप से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे।
इसके अलावा केंद्रीय आवासन एवं शहरी राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरूण साव, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला समेत अन्य जनप्रतिनिधि और शहरवासी इस भव्य आयोजन में शामिल होंगे।
महापौर पद पर एल. पद्मजा पूजा अशोक विधानी निर्वाचित
नगरीय निकाय चुनाव 2025 में एल. पद्मजा पूजा अशोक विधानी को बिलासपुर नगर निगम की नई महापौर के रूप में चुना गया है। वे और सभी 70 वार्डों के नवनिर्वाचित पार्षद आज शपथ लेंगे।
समारोह की तैयारियां पूरी
निगम प्रशासन ने शपथ ग्रहण समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन की भव्यता को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यह कार्यक्रम नगर निगम के नए नेतृत्व के कार्यकाल की आधिकारिक शुरुआत करेगा।